भूमि विवाद ने लिया हिंसक रूप, तिल्हापुर मोड़ बाजार के पास दो पक्षों में पथराव, दुकान में तोड़फोड़ से मची अफरातफरी ...
भूमि विवाद ने लिया हिंसक रूप, तिल्हापुर मोड़ बाजार के पास दो पक्षों में पथराव, दुकान में तोड़फोड़ से मची अफरातफरी
ईंट पत्थर चलाते
कौशांबी जनपद के चायल तहसील अंतर्गत पिपरी थाना क्षेत्र के तिल्हापुर मोड़ बाजार के पास तिराहे पर मंगलवार दोपहर लगभग 2:30 बजे भूमि विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर पथराव हुआ। अचानक हुए इस बवाल से बाजार में अफरातफरी मच गई और सड़क पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, पुलिस वाहन को देखते ही उपद्रवी भाग खड़े हुए । करीब आधे घंटे तक बाजार में तनावपूर्ण स्थिति बनी रही।
प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रयागराज के झलवा निवासी अंजनी कुमार यादव ने पिपरी थाना क्षेत्र के तिल्हापुर मोड़ बाजार में एक भूमि क्रय की है। उक्त भूमि के अगले हिस्से में उन्होंने दुकान बनवाकर किराये पर दे रखी है। आरोप है कि मंगलवार को अंजनी यादव ने भूमि के पिछले हिस्से में दर्जनों मजदूरों को लगाकर निर्माण कार्य शुरू करा दिया। इसी दौरान तिल्हापुर मोड़ बाजार निवासी मोबीन खां ने निर्माण कार्य का विरोध किया।
मोबीन खां का कहना है कि संबंधित भूमि को लेकर उन्होंने न्यायालय में वाद दाखिल कर रखा है तथा उनके पक्ष में स्थगन आदेश भी जारी है। आरोप है कि निर्माण कार्य रोके जाने को लेकर दोनों पक्षों में पहले कहा सुनी हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई। विवाद बढ़ने पर दोनों ओर से जमकर ईंट-पत्थर चलने लगे।
पथराव के दौरान मकान में स्थित एक कपड़े की दुकान को नुकसान पहुंचा। दुकान में लगा काउंटर का शीशा ईंट लगने से चकनाचूर हो गया। अचानक हुए इस घटनाक्रम से बाजार में मौजूद दुकानदारों और ग्राहकों में दहशत फैल गई। लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे और दुकानों के शटर गिरा दिए गए। इसके चलते बाजार की गतिविधियां कुछ देर के लिए पूरी तरह ठप हो गईं।
घटना के कारण मुख्य सड़क पर आवागमन बाधित हो गया और दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। सूचना पाकर पिपरी पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन पुलिस वाहन को देखते ही विवाद में शामिल लोग मौके से फरार हो गए। पुलिस ने हालात को नियंत्रित कर यातायात बहाल कराया। वैसे देखा जाए तो सारे विवाद का जड़ राजस्व विभाग जिसके कारण आए दिन कहीं ना कहीं ऐसी घटनाएं देखने को मिलती है कई बार तो जमीनी विवाद इतना हिंसक हो जाता है और लोगों की जान तक चली जाती है। पर यहां पुलिस की सूझबूझ से एक बड़ी व अप्रिय घटना होने से बच गई।
इस संबंध में थानाध्यक्ष विकास सिंह ने बताया कि मकान निर्माण को लेकर भूमि विवाद में दोनों पक्षों के बीच कहासुनी के बाद झगड़ा हुआ है। फिलहाल किसी भी पक्ष की ओर से थाने में तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने पर मामले की जांच कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्ट चीफ एडिटर- राकेश दिवाकर
9648518828,9454139866
COMMENTS