सड़क सुरक्षा अभियान के तहत पिपरी पुलिस ने चायल व मनौरी बाजार में लोगों को किया जागरूक
जनपद कौशांबी के थाना पिपरी पुलिस द्वारा 9 जनवरी शुक्रवार को उत्तर प्रदेश शासन के निर्देशानुसार चलाए जा रहे सड़क सुरक्षा अभियान के अंतर्गत व्यापक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। शुक्रवार को पिपरी पुलिस टीम ने चायल बाजार एवं मनौरी बाजार में आमजन को एकत्रित कर सड़क सुरक्षा नियमों के प्रति जागरूक किया तथा दुर्घटना की स्थिति में प्राथमिक उपचार (फर्स्ट एड) के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी दी।
कार्यक्रम के दौरान थाना प्रभारी ने लोगों को बताया कि सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए यातायात नियमों का पालन अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट पहनने, चारपहिया वाहन चालकों को सीट बेल्ट लगाने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने तथा नशे की हालत में वाहन न चलाने की अपील की। साथ ही गलत दिशा में वाहन चलाने, मोबाइल फोन का प्रयोग करते हुए वाहन चलाने और ओवरलोडिंग से होने वाले खतरों के बारे में भी विस्तार से समझाया गया।
वहीं बताया कि सड़क दुर्घटना की स्थिति में घायलों को तत्काल सहायता देना बहुत जरूरी होता है। इसी क्रम में फर्स्ट एड से संबंधित जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त व्यक्ति को सुरक्षित स्थान पर कैसे लाया जाए, अधिक रक्तस्राव होने पर कैसे रोका जाए, तथा एम्बुलेंस या पुलिस को तुरंत सूचना देने का सही तरीका क्या है। इससे दुर्घटना के बाद कीमती समय बचाया जा सकता है और घायल की जान भी सुरक्षित की जा सकती है।
इस जागरूकता अभियान में स्थानीय लोगों व व्यापारियों, वाहन चालकों और आम नागरिकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। लोगों ने पुलिस द्वारा दी गई जानकारी को उपयोगी बताते हुए सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने का संकल्प लिया। पिपरी पुलिस ने कहा कि इस प्रकार के अभियान आगे भी जारी रहेंगे, ताकि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके और जनपद को सुरक्षित बनाया जा सके।
रिपोर्ट चीफ एडिटर- राकेश दिवाकर/विपिन दिवाकर 9648518828 9454139866
एक टिप्पणी भेजें