चायल ब्लॉक की करोड़ों की परियोजनाओं का जिलाधिकारी ने किया निरीक्षण, अप्रैल के अंत तक कार्य पूर्ण करने के निर्देश

चायल ब्लॉक की करोड़ों की परियोजनाओं का जिलाधिकारी ने किया निरीक्षण, अप्रैल के अंत तक कार्य पूर्ण करने के निर्देश
कौशांबी- मुख्यमंत्री अनुश्रवण पोर्टल (CMIS) पर दर्ज विकास परियोजनाओं की प्रगति के अनुक्रम में जिलाधिकारी श्री मधुसूदन हुल्गी ने विकास खंड चायल में एक करोड़ रुपये से अधिक लागत की दो बड़ी परियोजनाओं का मौके पर जाकर निरीक्षण किया और प्रगति की समीक्षा की।
पीएमजीएसवाई योजना अंतर्गत दरियापुर से हरदुआ-हरदुआ संपर्क मार्ग के निर्माण कार्य की स्वीकृत लागत ₹10.48 करोड़ है। अब तक ₹20 लाख की धनराशि कार्यदायी संस्था को मिली और खर्च भी की जा चुकी है। कुल 8.775 किमी लंबी इस सड़क परियोजना की भौतिक प्रगति 45% है। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कार्यस्थल पर एफडीआर बेस, सीडी वर्क, मिट्टी कार्य की स्थिति जानी और फील्ड डेंसिटी, नमी, गहराई व होमोजिनिटी जैसे गुणवत्ता परीक्षण भी कराए। उन्होंने पाया कि कार्य निर्धारित समय सीमा से पीछे है, जिस पर नाराजगी व्यक्त करते हुए उन्होंने दो शिफ्टों में कार्य तेज करने व अप्रैल के अंत तक हर हाल में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।

नगर पंचायत चायल की वाटर सप्लाई योजना जिसकी लागत ₹7.37 करोड़ है, उसकी भी जिलाधिकारी ने समीक्षा की। अब तक ₹1.28 करोड़ की धनराशि प्राप्त हुई, जिसमें से ₹1.23 करोड़ खर्च किया जा चुका है। इस परियोजना की भौतिक प्रगति 52% है। निरीक्षण में ओवरहेड टैंक और चहारदीवारी का निर्माण कार्य प्रारंभ मिला, जबकि पाइप लाइन बिछाने का कार्य पूर्ण हो चुका है। टंकी निर्माण के बाद पाइप लाइन की टेस्टिंग की जाएगी।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि टैंक निर्माण और पेयजल कनेक्शन कार्य को गुणवत्ता के साथ और समय से पूरा किया जाए। साथ ही जिलाधिकारी ने जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी को निर्देशित किया कि कार्य में तेजी लाने हेतु कार्यदायी संस्थाओं से निरंतर संवाद बनाए रखें, जिससे किसी भी अड़चन का समय पर समाधान हो सके।

ब्यूरो- राकेश दिवाकर (विश्व सहारा हिंदी दैनिक)
                  9648518828

Post a Comment

और नया पुराने