कौशाम्बी के मेधावियों को मुख्यमंत्री से मिला सम्मान, राज्य में चमका अनुष्का सिंह का नाम, 20 टॉपर्सैव को मिला गौरव
कौशाम्बी, शिक्षा के क्षेत्र में कौशाम्बी ने एक बार फिर पूरे प्रदेश में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। बुधवार को राजधानी लखनऊ के लोक भवन में आयोजित “प्रदेश स्तरीय मेधावी सम्मान समारोह” में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा यूपी बोर्ड परीक्षा 2025 में टॉप करने वाले छात्रों को सम्मानित किया गया। इस कार्यक्रम का सीधा प्रसारण कौशाम्बी जिला मुख्यालय के सम्राट उदयन सभागार में किया गया, जहां जिले के टॉपर्स का शानदार सम्मान समारोह भी आयोजित किया गया।
राज्य में दूसरी टॉपर बनी कौशाम्बी की अनुष्का सिंह
इस कार्यक्रम की सबसे बड़ी उपलब्धि रही कि धर्मा देवी इंटर कॉलेज की छात्रा अनुष्का सिंह ने इंटरमीडिएट परीक्षा में प्रदेश स्तर पर द्वितीय स्थान हासिल किया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अनुष्का को ₹1 लाख का चेक और टैबलेट देकर लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम में सम्मानित किया। जब इस सम्मान का लाइव प्रसारण सम्राट उदयन सभागार में हुआ तो पूरा परिसर तालियों से गूंज उठा और हर किसी की नजरें गर्व से चमक उठीं।
जिला स्तर पर 20 मेधावियों को मिला खास सम्मान
जनपद स्तर पर भी हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा में टॉप-10 स्थान प्राप्त करने वाले कुल 20 छात्र-छात्राओं को ₹21 हजार नकद, टैबलेट, प्रशस्ति पत्र और मेडल देकर सम्मानित किया गया।
हाईस्कूल के सम्मानित छात्र-छात्राएं
धर्मा देवी इंटर कॉलेज की मानसी पटेल, वैष्णवी, काजल देवी, सोनम यादव, सोनी देवी, यशी यादव, श्री हुबलाल इंटर कॉलेज भरवारी की श्रेया कुशवाहा, मदर इंडिया इंटर कॉलेज करारी के रवि कुमार सिंह और उज्ज्वल यादव, तथा बिट्ठल भारतीय पब्लिक स्कूल उद्हीन खुर्द के आर्यन शर्मा और अनय दुबे।
इंटरमीडिएट के टॉपर्स
धर्मा देवी इंटर कॉलेज की हमसीर बानो, अनुप्रिया पाल, छात्र गौरव कान्त मिश्रा, मोहम्मद साहिल, निशान्त त्रिपाठी, शुभम शाहू, यश जायसवाल, यूएस इंटर कॉलेज सिराथू की रानी देवी, तथा जवाहर लाल नेहरू इंटर कॉलेज सरसवां के अशोक कुमार।
इन सभी को भव्य समारोह में जिला प्रशासन द्वारा सम्मानित किया गया, जिससे विद्यार्थियों में अपार उत्साह देखने को मिला।
खेल में भी जिले के खिलाड़ियों ने मारी बाज़ी
सिर्फ पढ़ाई ही नहीं, खेलों में भी कौशाम्बी के युवा पीछे नहीं हैं। 68वीं राष्ट्रीय विद्यालयीय खेलकूद प्रतियोगिता 2024-25 में जिले के 28 खिलाड़ियों ने भाग लिया। इनमें से 13 राइफल शूटिंग, 9 बॉक्सिंग, 1 भारोत्तोलन, 2 एथलेटिक्स, और 3 हैंडबॉल खिलाड़ियों को भी मेडल और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। यह दर्शाता है कि कौशाम्बी का युवा शिक्षा और खेल दोनों में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहा है।
शिक्षा से ही बनता है मजबूत भविष्य–जिला पंचायत अध्यक्ष
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष ने छात्रों को प्रेरणादायक संबोधन देते हुए कहा,
“शिक्षा केवल जानकारी नहीं, बल्कि जीवन को दिशा देने वाली शक्ति है। आप सभी छात्र-छात्राएं भविष्य की नींव हैं। आपकी मेहनत ही आपके परिवार, समाज और जिले का नाम रोशन करेगी।”
उन्होंने सभी मेधावियों को इस उपलब्धि पर बधाई दी और उनके उज्जवल भविष्य की कामना की।
गणमान्यजनों की रही विशेष उपस्थिति
कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष धर्मराज मौर्य, पूर्व सांसद विनोद कुमार सोनकर, पूर्व विधायक संजय कुमार गुप्ता, पूर्व विधायक लाल बहादुर, मुख्य विकास अधिकारी विनोद राम त्रिपाठी, जिला विद्यालय निरीक्षक नीरज केशरी, और डायट प्राचार्य निधि शुक्ला समेत जिले के कई वरिष्ठ अधिकारी और अभिभावक उपस्थित रहे।
यह कार्यक्रम न केवल छात्रों के लिए एक प्रेरणा बना, बल्कि जनपद कौशाम्बी को गर्व और गौरव से भर देने वाला क्षण भी साबित हुआ।
रिपोर्ट- विपिन दिवाकर
एक टिप्पणी भेजें