हंडिया तहसील सम्पूर्ण समाधान दिवस में डीएम मनीष वर्मा दिखाई सख्ती, 14 प्रकरणों का मौके पर निस्तारण

 हंडिया तहसील सम्पूर्ण समाधान दिवस में पहुंचे डीएम मनीष वर्मा दिखाई सख्ती, 14 प्रकरणों का मौके पर निस्तारण, तो वहीं अनुपस्थित कर्मचारियों के वेतन रोकने को कहा 

प्रयागराज। जिले के हंडिया तहसील मुख्यालय पर सोमवार को आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा ने सख्त तेवर दिखाते हुए स्पष्ट कहा कि जन समस्याओं के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही या उदासीनता क्षम्य नहीं होगी। उन्होंने अधिकारियों को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि शिकायतों का निस्तारण समयबद्धता और गुणवत्तापूर्वक होना चाहिए।

अनुपस्थित अधिकारियों पर गिरी गाज

समाधान दिवस से अनुपस्थित रहने वाले अधिकारियों और लेखपालों पर जिलाधिकारी ने कार्रवाई के निर्देश दिए। डीएम ने जिला विकास अधिकारी, परियोजना निदेशक (जिला ग्राम विकास अभिकरण), उप कृषि निदेशक, सहायक निबंधक (सहकारी समिति), जिला कृषि अधिकारी, जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी, परियोजना अधिकारी (डूडा), सहायक निदेशक मत्स्य, जिला विद्यालय निरीक्षक, महाप्रबंधक (जिला उद्योग केंद्र), बाल विकास अधिकारी (प्रतापपुर), क्षेत्रीय वन अधिकारी (हंडिया), क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी (हंडिया) और अधिशासी अभियंता सिंचाई (नोडल) का एक दिन का वेतन रोकने और उनसे स्पष्टीकरण तलब करने का आदेश दिया।
इसके अलावा 06 लेखपालों का भी एक दिन का वेतन रोकने और उनसे भी स्पष्टीकरण देने के निर्देश जारी किए गए। जिलाधिकारी ने साफ कहा कि यदि जवाब संतोषजनक न पाया गया तो संबंधित के खिलाफ आगे कठोर कार्रवाई की जाएगी।

शिकायतों के त्वरित निस्तारण का निर्देश

समाधान दिवस में जिलाधिकारी ने जनता की फरियादें सुनीं और मौके पर अधिकारियों को समस्याओं का निस्तारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिकायतों पर केवल औपचारिकता न निभाई जाए, बल्कि जमीनी स्तर पर जांच कर समाधान सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने यह भी कहा कि शिकायतकर्ता का फीडबैक लिया जाए और यह सुनिश्चित किया जाए कि वह संतुष्ट है। जिलाधिकारी ने जोर देकर कहा – “जन शिकायतों का निस्तारण शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में है, इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।”

विशेष मामलों पर दिए तत्काल आदेश

वरासत व कब्जा विवाद : हंडिया तहसील के कटहरा गांव निवासी रामनाथ ने शिकायत की कि पत्थरगड़ी के बाद दबंगों ने पत्थर उखाड़ फेंककर जबरन कब्जा कर लिया। इस पर जिलाधिकारी ने उपजिलाधिकारी और सहायक पुलिस आयुक्त हंडिया को तत्काल जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

हैंडपंप खराबी : पुरे गोबई निवासी पंकज कुमार ने हैंडपंप खराब होने की शिकायत की। डीएम ने खंड विकास अधिकारी को निर्देश दिया कि एक सप्ताह के भीतर सुधार कर रिपोर्ट दें।

फसल विवाद : ग्राम बीरेसांव निवासी श्याम कृष्ण मिश्र ने विपक्षियों पर धान की फसल लगाने में अवरोध का आरोप लगाया। डीएम ने उपजिलाधिकारी और सहायक पुलिस आयुक्त को जांच कर रिपोर्ट दर्ज करने के आदेश दिए।

विद्युत बिल संशोधन : जवराडीह गांव के प्रदीप कुमार तिवारी ने अत्यधिक बिजली बिल की शिकायत की। जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियंता विद्युत को मामले की जांच कर बिल संशोधित करने के आदेश दिए।

तालाब पर कब्जा : मिर्जापुर हंडिया निवासी महेंद्र प्रताप ने तालाब की भूमि पर अवैध कब्जे की शिकायत की। इस पर डीएम ने उपजिलाधिकारी हंडिया को जांच कर कार्रवाई करने का निर्देश दिया।


कुल 249 प्रकरणों में से 14 का मौके पर निस्तारण

सम्पूर्ण समाधान दिवस में कुल 249 प्रकरण दर्ज हुए। इनमें राजस्व विभाग से 115, विकास विभाग से 30, पुलिस विभाग से 45, विद्युत विभाग से 10, जल निगम से 06, नगर पंचायत से 03, आपूर्ति विभाग से 15, वन विभाग से 05 और अन्य विभागों से 20 प्रकरण संबंधित थे।
इनमें से 14 प्रकरणों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष शिकायतों के निस्तारण हेतु संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि वे निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से समस्या का समाधान करें।

डीएम ने दी सख्त चेतावनी

जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा ने अधिकारियों को साफ चेतावनी दी कि यदि शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही पाई गई तो संबंधित विभागाध्यक्ष के खिलाफ कठोर कार्यवाही की जाएगी। उन्होंने चकमार्गों से अवैध कब्जे हटाने, विद्युत बिलों की अनियमितताओं को दूर करने और योजनाओं से संबंधित प्रार्थना पत्रों का ऑनलाइन पंजीकरण कर पात्र लाभार्थियों को तत्काल लाभ दिलाने के निर्देश भी दिए।

इस मौके पर मुख्य राजस्व अधिकारी कुँवर पंकज, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट अनिमेष वर्मा, उपजिलाधिकारी हंडिया, तहसीलदार हंडिया सहित राजस्व, पुलिस, विकास एवं अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

 चीफ एडिटर-राकेश दिवाकर(bharat tv gramin)
              9454139866,9648518828

Post a Comment

और नया पुराने