प्रभारी मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने दिव्यांग कौशल प्रदर्शनी का किया शुभारम्भ, मोटराइज्ड साइकिल व किट वितरित, राष्ट्रीय पोषण माह का भी हुआ आगाज़
प्रयागराज। उत्तर प्रदेश के जल शक्ति विभाग (सिंचाई एवं जल संसाधन, बाढ़ नियंत्रण, परती भूमि विकास, लघु सिंचाई, नमामि गंगे एवं ग्रामीण जलापूर्ति) के मा. राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) एवं जनपद प्रयागराज के प्रभारी मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने बुधवार को उत्तर मध्य क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र (एनसीजेडसीसी), प्रयागराज में आयोजित त्रिदिवसीय राज्य स्तरीय दिव्यांग कौशल प्रदर्शनी का उद्घाटन किया। यह आयोजन दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग, उत्तर प्रदेश द्वारा राज्य निधि के अंतर्गत और कामता प्रसाद सेवार्थ ट्रस्ट के सहयोग से किया गया है।
मा. मंत्री जी ने फीता काटकर प्रदर्शनी का शुभारम्भ किया और विभिन्न स्टॉलों का अवलोकन करते हुए दिव्यांगजनों द्वारा निर्मित उत्पादों एवं कलाकृतियों की जानकारी ली। उन्होंने दिव्यांगों की मेहनत और रचनात्मकता की सराहना करते हुए कहा कि सरकार दिव्यांगजनों की सहायता, प्रगति और विकास के लिए प्रतिबद्ध है। प्रदर्शनी में प्रस्तुत हस्तशिल्प, चित्रकला और उत्पादों को देखकर उन्होंने खरीददारी भी की और दिव्यांग बच्चों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से भावविभोर हो गए।
इस अवसर पर मा. मंत्री जी ने दिव्यांगजनों को 05 मोटराइज्ड साइकिल, 20 ट्राईसाइकिल, 10 एमआर किट, 02 ब्रेल किट और 01 स्मार्ट केन प्रदान किए। साथ ही विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले दिव्यांगजनों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। प्रदर्शनी के तहत विशेष बच्चों द्वारा सजाई गई आर्ट गैलरी का भी उन्होंने अवलोकन किया और कलाकारों से मुलाकात कर उनका उत्साहवर्धन किया।
अपने संबोधन में मा. स्वतंत्र देव सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी को जन्मदिवस की शुभकामनाएँ दीं और कहा कि प्रधानमंत्री जी ने सदैव अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति को मुख्यधारा में लाने का कार्य किया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री की अगुवाई में दिव्यांगजनों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने के लिए कई कल्याणकारी योजनाएँ चलाई जा रही हैं। मंत्री जी ने दिव्यांग बच्चों को शिक्षा और प्रशिक्षण प्रदान करने वाले शिक्षकों की विशेष रूप से प्रशंसा करते हुए उन्हें महान कार्यकर्ता बताया।
प्रदर्शनी के दौरान मा. मंत्री जी ने आठवें राष्ट्रीय पोषण माह (17 सितम्बर से 16 अक्टूबर, 2025) का भी शुभारम्भ किया। उन्होंने जनजागरूकता हेतु निकाली गई रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। साथ ही 03 गर्भवती महिलाओं की गोद भराई एवं 02 बच्चों का अन्नप्राशन कराकर पोषण अभियान की सफलता की दिशा में कदम बढ़ाया। इस दौरान बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग के लगाए गए स्टॉल का भी उन्होंने अवलोकन किया और कार्यों की सराहना की।
इस भव्य आयोजन में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे। मुख्य अतिथियों में पूर्व सांसद प्रो. रीता बहुगुणा जोशी, विधायक हर्षवर्धन वाजपेयी (शहर उत्तरी), विधायक गुरु प्रसाद मौर्य (फाफामऊ), भाजपा महानगर अध्यक्ष संजय गुप्ता सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। प्रशासनिक अमले से जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा, मुख्य विकास अधिकारी हर्षिका सिंह, नगर मजिस्ट्रेट विनोद कुमार सिंह, अपर नगर मजिस्ट्रेट अविनाश यादव, उप निदेशक दिव्यांगजन अभय कुमार श्रीवास्तव, जिला दिव्यांगजन अधिकारी अशोक कुमार गौतम, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी देवब्रत सिंह और जिला कार्यक्रम अधिकारी दिनेश सिंह भी शामिल हुए।
मा. मंत्री जी ने कहा कि दिव्यांगजनों की सेवा ईश्वर की सेवा के समान है। हमें यह अवसर मिला है कि हम उनके जीवन को संवारने और उन्हें सम्मान दिलाने का कार्य करें।
चीफ एडिटर-राकेश दिवाकर
9454139866,9648518828
एक टिप्पणी भेजें