प्रेस क्लब कौशाम्बी की बैठक सम्पन्न, सर्वसम्मति से चुने गए नए पदाधिकारी

प्रेस क्लब कौशाम्बी की बैठक सम्पन्न, सर्वसम्मति से चुने गए नए पदाधिकारी
पत्रकारों की समस्याओं के समाधान और संगठन विस्तार को लेकर बनी रणनीति
कौशाम्बी। जिला मुख्यालय मंझनपुर स्थित सरस सभागार रविवार को पत्रकारों की बड़ी बैठक का गवाह बना। प्रेस क्लब कौशाम्बी की इस महत्वपूर्ण बैठक की अध्यक्षता संगठन के संरक्षक रमेश चंद्र अकेला ने की। बैठक में जिलेभर से जुड़े पत्रकारों ने शिरकत की और संगठन की मजबूती, रिक्त पदों की पूर्ति तथा पत्रकारों के हितों पर लंबी चर्चा हुई।
बैठक का शुभारंभ आपसी संवाद और स्वागत संबोधन से हुआ। जिलाध्यक्ष बृजेश गौतम ने उपस्थित पत्रकारों का स्वागत करते हुए कहा कि संगठन तभी मजबूत बन सकता है जब सभी सदस्य एकजुट रहकर सक्रिय भूमिका निभाएँ। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय पत्रकारों के लिए चुनौतियों से भरा हुआ है, ऐसे में संगठन की जिम्मेदारी और बढ़ जाती है।

रिक्त पदों पर सर्वसम्मति से चयन

बैठक का मुख्य एजेंडा पत्रकारों के हितों पर चर्चा की गई। महामंत्री नीरज सिंह ने संगठन की कार्यप्रणाली पर रिपोर्ट प्रस्तुत की और रिक्त पदों पर चयन की प्रक्रिया का प्रस्ताव रखा। उपाध्यक्ष सतीश गोयल ने भी इसका समर्थन किया।
जिलाध्यक्ष बृजेश गौतम के अनुमोदन के बाद उपाध्यक्ष पद पर मनोज दुबे तथा संगठन मंत्री पद पर अशोक केसरवानी को सर्वसम्मति से चुना गया।

संगठन में नई ऊर्जा का संचार करने के लिए कई अन्य पदों पर भी जिम्मेदारियाँ सौंपी गईं। उपमंत्री धर्म कीर्ति अमरेंद्र कुमार, प्रकाशन मंत्री पुष्पेश त्रिपाठी, संयुक्त मंत्री मो. अरशद, आय-व्यय मंत्री मो. नौशेब, प्रचार मंत्री अनुराधा यादव, मीडिया प्रभारी अरविंद तिवारी बनाए गए। वहीं कार्यकारिणी सदस्य के रूप में राम प्रसाद गुप्ता, मो. आबिद, राकेश दिवाकर, राज कुमार वर्मा और मो. रजी को शामिल किया गया।

पत्रकारों के हितों पर जोर

संरक्षक रमेश चंद्र अकेला ने कहा कि पत्रकारिता एक मिशन है और इसके लिए संगठन की एकजुटता बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि अक्सर देखा जाता है कि पत्रकार आपसी प्रतिस्पर्धा के कारण एक-दूसरे की बुराई करने लगते हैं, जबकि असल में जरूरत सहयोग की होती है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि “पत्रकारों पर दर्ज कराए जा रहे फर्जी मुकदमों के खिलाफ संगठन एकजुट होकर लड़ाई लड़ेगा।”

महामंत्री नीरज सिंह ने चर्चा के दौरान समाचार संकलन में आने वाली कठिनाइयों का मुद्दा उठाया। उन्होंने बताया कि कई बार खबरों के चलते पत्रकारों पर अनावश्यक दबाव बनाया जाता है। संगठन इस प्रकार की परिस्थितियों में अपने सदस्यों के साथ खड़ा रहेगा।

भवन निर्माण पर जोर

जिलाध्यक्ष बृजेश गौतम ने बैठक के दौरान जानकारी दी कि शासन-प्रशासन द्वारा प्रेस क्लब के लिए भूमि आवंटित की गई है। उन्होंने आश्वस्त किया कि इस भूमि पर जल्द ही माभवन (पत्रकार भवन) का निर्माण कराया जाएगा, जिससे जिले के पत्रकारों को एक स्थायी कार्यालय और बैठक स्थल उपलब्ध हो सके। उन्होंने कहा कि भवन बनने से पत्रकारों को एक ऐसा केंद्र मिलेगा जहाँ वे अपनी समस्याओं पर चर्चा कर सकेंगे और संगठनात्मक गतिविधियाँ नियमित रूप से संचालित होंगी।
हर माह होगी बैठक

संगठन मंत्री अशोक केसरवानी ने सुझाव दिया कि संगठन की बैठक प्रत्येक माह के चौथे शनिवार को नियमित रूप से आयोजित की जाए। उनका कहना था कि इससे संगठनात्मक गतिविधियों की निरंतर समीक्षा होती रहेगी और पत्रकारों की समस्याओं का समाधान समय रहते किया जा सकेगा।

बैठक के दौरान पत्रकारों में उत्साह और ऊर्जा का माहौल देखने को मिला। कई वरिष्ठ पत्रकारों ने अपने अनुभव साझा किए और युवा पत्रकारों को मार्गदर्शन दिया। सभी ने एक स्वर में कहा कि आज के दौर में पत्रकारिता को कई तरह की चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में संगठन ही पत्रकारों की सबसे बड़ी ताकत है।

पत्रकारों की सुरक्षा पर चिंता

चर्चा के दौरान पत्रकारों की सुरक्षा का मुद्दा भी प्रमुख रहा। उपस्थित पत्रकारों ने कहा कि कई बार सच्चाई उजागर करने के कारण पत्रकारों को धमकियाँ मिलती हैं या उन पर दबाव बनाया जाता है। ऐसे हालात में संगठन को एकजुट होकर हर सदस्य की सुरक्षा और सम्मान की लड़ाई लड़नी होगी।

नए पदाधिकारियों से उम्मीदें

नए पदाधिकारियों के चयन से संगठन में नई ऊर्जा का संचार हुआ है। उपस्थित पत्रकारों ने उनसे अपेक्षा जताई कि वे न केवल संगठन की मजबूती के लिए काम करेंगे, बल्कि जिले के पत्रकारों की समस्याओं को शासन-प्रशासन तक पहुंचाकर उनका समाधान भी कराएंगे।

करीब दो घंटे चली इस बैठक में संगठनात्मक मजबूती, पत्रकारों की समस्याओं, भवन निर्माण और भविष्य की योजनाओं पर ठोस निर्णय लिए गए। सर्वसम्मति से चुने गए नए पदाधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि वे संगठन के लक्ष्यों को पूरा करने के लिए पूरी निष्ठा और ईमानदारी से कार्य करेंगे।

  चीफ एडिटर-राकेश दिवाकर 
9454139866, 9648518828

Post a Comment

और नया पुराने