सोरांव महोत्सव का भव्य शुभारंभ
सांस्कृतिक विरासत, लोककला और योजनाओं की प्रदर्शनी ने बढ़ाया कार्यक्रम का आकर्षण
प्रयागराज सोरांव तहसील के मेवालाल ग्राउंड में 14 नवंबर से 16 नवंबर 2025 तक आयोजित होने वाले सोरांव महोत्सव का शुभारंभ बुधवार को मंत्रोच्चार और दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। सांस्कृतिक विरासत, लोककला, शिक्षा और भारतीय परंपराओं के अद्भुत संगम वाले इस महोत्सव का उद्घाटन मा. जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. वी.के. सिंह ने किया। उनके साथ मा. विधान परिषद सदस्य सुरेंद्र चौधरी, डॉ. के.पी. श्रीवास्तव, मा. विधायक फूलपुर दीपक पटेल, मा. विधायक फाफामऊ गुरु प्रसाद मौर्य, पूर्व विधायक उदयभान करवरिया सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। उद्घाटन के साथ ही पूरा परिसर सांस्कृतिक रंगों और उल्लास से सराबोर हो उठा।
महोत्सव के पहले दिन विभिन्न सरकारी विभागों द्वारा लगाई गई योजनाओं से संबंधित प्रदर्शनी ने लोगों का विशेष ध्यान आकर्षित किया। जनप्रतिनिधियों ने प्रत्येक स्टॉल का अवलोकन कर विभागों की योजनाओं की जानकारी प्राप्त की और कहा कि अधिक से अधिक लोगों तक इन योजनाओं का लाभ पहुंचाना प्राथमिकता होनी चाहिए। प्रदर्शनी में ग्रामीण विकास, कृषि, स्वास्थ्य, दिव्यांगजन, महिला कल्याण, शिक्षा और रोजगार से जुड़ी अनेक सरकारी योजनाओं की जानकारी दी जा रही है।
महोत्सव में विभिन्न स्कूलों के बच्चों ने मंच पर रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं, जिन्होंने दर्शकों का मन मोह लिया। देश की विविध सांस्कृतिक परंपराओं और कला का अद्भुत प्रदर्शन मंच पर देखने को मिला। इसी क्रम में मा. विधान परिषद सदस्य सुरेंद्र चौधरी ने गर्भवती महिलाओं की गोदभराई और बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार कर कार्यक्रम को और भी विशिष्ट बना दिया।
कार्यक्रम में “आत्मनिर्भर ग्राम एवं समृद्ध भारत की आधारशिला” विषय पर आयोजित संगोष्ठी में ग्रामीण विकास, स्वावलंबन और सशक्त ग्रामीण अर्थव्यवस्था पर गहन चर्चा की गई। विशेषज्ञों और जनप्रतिनिधियों ने ग्राम स्तर पर रोजगार, कौशल विकास, महिला सशक्तिकरण और कृषि सुधारों को मजबूत करने पर अपने विचार साझा किए।
अपने संबोधन में जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. वी.के. सिंह ने सोरांव महोत्सव के आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम हमारी संस्कृति, परंपरा और लोककलाओं को सहेजने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। उन्होंने जनप्रतिनिधियों और क्षेत्रवासियों को इस आयोजन को सफल बनाने के लिए धन्यवाद दिया।
मा. विधान परिषद सदस्य सुरेंद्र चौधरी ने कहा कि यह महोत्सव केवल एक सांस्कृतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि स्थानीय प्रतिभाओं को बड़ा मंच देने का अवसर है। उन्होंने बताया कि कई राज्यों के कलाकार इस मंच पर अपनी कला का प्रदर्शन करेंगे, जिससे लोगों को देश की विविध संस्कृतियों से रूबरू होने का मौका मिलेगा। उन्होंने क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने की अपील की।
मा. विधायक फूलपुर दीपक पटेल ने कहा कि भारत की आध्यात्मिक जड़ें अत्यंत गहरी हैं और हमारी संस्कृति विश्व में अद्वितीय है। ऐसे आयोजन न केवल मनोरंजन का माध्यम हैं बल्कि संस्कृति को संरक्षित रखने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम भी हैं।
मा. विधायक फाफामऊ गुरु प्रसाद मौर्य ने कहा कि प्रधानमंत्री के 2047 तक विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने में हर नागरिक का योगदान आवश्यक है। उन्होंने लोगों से अधिक संख्या में महोत्सव में पहुंचकर प्रदर्शनी का लाभ उठाने की अपील की।
कार्यक्रम में माननीय सांसद प्रवीण पटेल, विधायक हर्षवर्धन बाजपेई, भाजपा गंगापार अध्यक्ष निर्मला पासवान और अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी अपने विचार रखे।
महोत्सव के पहले दिन बड़ी संख्या में स्कूली छात्र-छात्राएं, शिक्षक, अधिकारी और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने पहले दिन के कार्यक्रमों की सराहना करते हुए इसे क्षेत्र के लिए एक ऐतिहासिक आयोजन बताया।
चीफ एडिटर- राकेश दिवाकर
9648518828,9454139866
एक टिप्पणी भेजें