तहसील सभागार चायल में चकबंदी लेखपाल संघ का चुनाव शांतिपूर्ण संपन्न, शिलवंत सिंह बने महामंत्री

तहसील सभागार चायल में चकबंदी लेखपाल संघ का चुनाव शांतिपूर्ण संपन्न, शिलवंत सिंह बने महामंत्री
जनपद कौशाम्बी की तहसील चायल स्थित तहसील सभागार में मंगलवार को चकबंदी लेखपाल संघ का चुनाव शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुआ। चुनाव को लेकर सुबह से ही कर्मचारियों में उत्साह देखने को मिला। 

पूरी चुनाव प्रक्रिया की निगरानी पर्यवेक्षक ज्वाला यादव एवं ज्ञान सिंह पाल द्वारा की गई, जबकि सहसंयोजक के रूप में दिनेश प्रताप यादव, सुचित बक्शी एवं दीपक सिंह की अहम भूमिका रही। उनकी देखरेख में मतदान एवं मतगणना की प्रक्रिया पारदर्शी ढंग से संपन्न कराई गई।


महामंत्री पद के लिए सबसे रोचक मुकाबला देखने को मिला, जहां शिलवंत सिंह और दीपक पटेल आमने-सामने थे। कर्मचारियों ने भारी समर्थन जताते हुए शिलवंत सिंह को महामंत्री पद के लिए विजयी घोषित किया। शिलवंत सिंह की जीत को संगठन में विश्वास और अनुभव की जीत के रूप में देखा जा रहा है।

नवनिर्वाचित महामंत्री ने सभी साथियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे कर्मचारियों की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर उठाएंगे और संगठन को मजबूती प्रदान करेंगे।

वहीं अध्यक्ष पद के लिए संदीप सिंह और अनुराग सिंह के बीच सीधा मुकाबला हुआ, जिसमें अनुराग सिंह ने जीत दर्ज कर अध्यक्ष पद संभाला। कोषाध्यक्ष पद पर सुनील सिंह को निर्विरोध चुना गया। उपमंत्री पद पर लवलेश कुमार निर्विरोध निर्वाचित हुए। ऑडिटर पद की जिम्मेदारी शिवेश सिंह को सौंपी गई, जबकि सम्प्रेषक पद पर अंजू सिंह को निर्वाचित घोषित किया गया।

चुनाव परिणामों की घोषणा के बाद नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को संघ के सदस्यों एवं समर्थकों ने फूल-मालाओं से लादकर बधाइयाँ दीं। इस अवसर पर सभी ने संगठन को और अधिक सशक्त बनाने, कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान तथा अधिकारों की रक्षा के लिए एकजुट होकर कार्य करने का संकल्प लिया। पूरे चुनाव कार्यक्रम के दौरान अनुशासन और सौहार्द का माहौल बना रहा।

रिपोर्ट चीफ एडिटर- राकेश दिवाकर/विपिन दिवाकर 9648518828, 9454139866

Post a Comment

और नया पुराने