कड़ा धाम में 2.41 करोड़ की लागत से आरती स्थल तैयार, धार्मिक पर्यटन का नया केंद्र बनेगा जिला कौशांबी जिले के सिराथू तहसील स्थित ...
कड़ा धाम में 2.41 करोड़ की लागत से आरती स्थल तैयार, धार्मिक पर्यटन का नया केंद्र बनेगा जिला
कौशांबी जिले के सिराथू तहसील स्थित प्रसिद्ध कड़ा धाम के कुबरी घाट को धार्मिक पर्यटन के उभरते केंद्र के रूप में विकसित किया जा रहा है। उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग द्वारा लगभग 2.41 करोड़ रुपये की लागत से तैयार किए जा रहे आरती स्थल विकास कार्य अब अंतिम चरण में पहुंच चुके हैं। परियोजना के पूर्ण होने के बाद श्रद्धालुओं को साफ-सुथरा, सुरक्षित और व्यवस्थित वातावरण के साथ बेहतर आध्यात्मिक अनुभव मिलेगा। पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने जानकारी दी कि कड़ा धाम स्थित मां शीतला धाम, इक्यावन शक्तिपीठों में से एक होने के कारण देश-विदेश के श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र है। उन्होंने बताया कि यह पूरा विकास कार्य श्रद्धालुओं की सुविधा और धार्मिक वातावरण को और सुदृढ़ करने के उद्देश्य से किया जा रहा है। स्कंद पुराण के अनुसार जहां सती का दाहिना कर गिरा था, वही स्थान आज कड़ा धाम के नाम से विख्यात है और सदियों से शक्ति उपासकों का पवित्र धाम रहा है। मंत्री जयवीर ने बताया कि वर्ष 2025 की पहली छमाही में 14.76 लाख से अधिक पर्यटक कौशांबी पहुंचे, जिनमें बड़ी संख्या कड़ा धाम आने वालों की थी। राज्य सरकार का लक्ष्य है कि धार्मिक स्थलों को विश्व-स्तरीय सुविधाओं से सुसज्जित किया जाए। इसी के तहत कुबरी घाट पर आरती स्थल को प्राथमिकता के साथ विकसित किया गया है। वहीं उन्होंने कहा कि आने वाले समय में इस क्षेत्र में पर्यटन सुविधाओं का और विस्तार किया जाएगा, जिससे कौशांबी उत्तर प्रदेश के धार्मिक पर्यटन मानचित्र पर एक प्रमुख केंद्र के रूप में उभरे।
रिपोर्ट- राकेश दिवाकर/विपिन दिवाकर
9648518828
COMMENTS