लिव-इन रिलेशन में रह रहे युवक की संदिग्ध मौत, बड़े भाई ने महिला और उसके परिजनों पर लगाया हत्या का आरोप जनपद कौशांबी । चरवा थाना...
लिव-इन रिलेशन में रह रहे युवक की संदिग्ध मौत, बड़े भाई ने महिला और उसके परिजनों पर लगाया हत्या का आरोप
जनपद कौशांबी । चरवा थाना क्षेत्र के बारोलहां गांव निवासी 25 वर्षीय युवक की महाराष्ट्र में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। युवक पिछले कई वर्षों से वहां रहकर बढ़ई का काम करता था और एक महिला के साथ लिव-इन रिलेशन में रह रहा था। घटना की सूचना मिलने के बाद परिवार में कोहराम मच गया। परिजन शव लेने के लिए महाराष्ट्र रवाना हो गए।
मृतक की पहचान लवकुश यादव पुत्र स्वर्गीय हर्ष कुमार यादव के रूप में हुई है।
परिवार के मुताबिक लवकुश करीब पांच साल से महाराष्ट्र के उल्लासनगर में रहकर बढ़ई का काम कर रहा था। सोमवार की रात करीब 11 बजे बड़े भाई मुलायम सिंह यादव को फोन के जरिए उसकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत की सूचना मिली। खबर मिलते ही परिवार के लोगों के होश उड़ गए और घर में मातम छा गया।
परिजनों का आरोप है कि लवकुश पिछले करीब दो साल से चरवा क्षेत्र के ही एक गांव की 26 वर्षीय महिला के साथ उल्लासनगर में लिव-इन रिलेशन में रह रहा था। मृतक के बड़े भाई मुलायम सिंह यादव ने आरोप लगाया कि महिला के परिजन उसके भाई को बंधक बनाकर रखते थे। उसकी कमाई के पैसे भी ले लेते थे और उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित करते थे।
मुलायम सिंह यादव ने महिला, उसके भाई और पिता पर हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी है। उन्होंने बताया कि उनके पिता हर्ष कुमार यादव की वर्ष 2002 में और मां विमला देवी की 2016 में मौत हो चुकी है। परिवार की आर्थिक स्थिति ठीक न होने के कारण लवकुश काम की तलाश में महाराष्ट्र चला गया था।
महाराष्ट्र पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया। गुरुवार को परिजन शव लेकर गांव पहुंचे और अंतिम संस्कार के लिए उजीहनी गंगा घाट ले गए। इस दौरान महिला भी अपने परिजनों के साथ वहां पहुंच गई, जिससे दोनों पक्षों के बीच तनाव की स्थिति बन गई। हालांकि स्थानीय लोगों की मौजूदगी में अंतिम संस्कार शांतिपूर्वक संपन्न कराया गया।
रिपोर्ट चीफ एडिटर- राकेश दिवाकर/दीपू दिवाकर 9648518828,9454139866
COMMENTS