ट्रैक्टर से गिरकर मजदूर की मौत, परिजनों में मचा कोहराम जनपद कौशांबी के पिपरी थाना क्षेत्र अंतर्गत नगर पंचायत चायल के वार्ड नंबर...
ट्रैक्टर से गिरकर मजदूर की मौत, परिजनों में मचा कोहराम
जनपद कौशांबी के पिपरी थाना क्षेत्र अंतर्गत नगर पंचायत चायल के वार्ड नंबर 3 गांधीनगर निवासी लालचंद (पुत्र सुंदरलाल) की सोमवार सुबह करीब 10 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसे में मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, लालचंद रोज़ की तरह मजदूरी का काम कर रहा था। सोमवार को वह चलौली में बन रही सीमेंटेड इंटरलॉकिंग ईंटों को ट्रैक्टर पर लादकर अकबरपुर की ओर ले जा रहा था। बताया जा रहा है कि वह ट्रैक्टर पर ही बैठा हुआ था। जैसे ही ट्रैक्टर कसेंदा स्थित पेट्रोल पंप के पास पहुंचा, अचानक असंतुलन बिगड़ने से लालचंद ट्रैक्टर से नीचे गिर गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, गिरते ही वह ट्रैक्टर के पिछले पहिए के नीचे आ गया। हादसा इतना भयावह था कि उसे संभलने का मौका तक नहीं मिला और मौके पर ही उसकी दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद वहां मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई और आसपास भीड़ इकट्ठा हो गई।
स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पिपरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही दुर्घटना में शामिल ट्रैक्टर को भी अपने कब्जे में लेकर थाने भेज दिया गया है।
घटना के बाद मृतक के परिवार में मातम छाया हुआ है। और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
रिपोर्ट चीफ एडिटर- राकेश दिवाकर/विपिन दिवाकर 9648518828,9454139866
COMMENTS