महिला ने ससुराल पक्ष के पूरे परिवार को ज़हर देकर मारने की कोशिश, आटे में मिलाया सल्फास पति से विवाद के बाद महिला ने ...
महिला ने ससुराल पक्ष के पूरे परिवार को ज़हर देकर मारने की कोशिश, आटे में मिलाया सल्फास
पति से विवाद के बाद महिला ने रची खौफनाक साजिश
कौशाम्बी जनपद के करारी थाना क्षेत्र में दिल दहला देने वाली एक सनसनीखेज घटना सामने आई है, जहां एक महिला ने अपने ही ससुराल वालों को ज़हर देकर मारने की कोशिश की। मामला जिले के करारी थाना क्षेत्र के मलकिया गांव का है। यहां रहने वाले बृजेश कुमार की पत्नी मालती देवी ने अपने पति और उनके पूरे परिवार को मौत के घाट उतारने के इरादे से घर के आटे में सल्फास मिला दिया। सौभाग्य से समय रहते इस साजिश का भंडाफोड़ हो गया और एक बड़ा हादसा टल गया।
पति को आई आटे से दुर्गंध, खुला राज
घटना तब सामने आई जब बृजेश कुमार को घर के आटे से अजीब सी दुर्गंध आने लगी। उसने जब इस संबंध में पत्नी मालती देवी से पूछताछ की, तो वह टालमटोल करने लगी। इससे पति को शक हुआ और उसने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दे दी। सूचना मिलने पर करारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जब घर की तलाशी ली गई तो वहां से सल्फास की शीशी बरामद हुई। यह देख पुलिस ने फॉरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया और बारीकी से जांच शुरू कर दी।
पुलिस पूछताछ में महिला ने किया जुर्म कबूल
पुलिस जब मालती देवी को हिरासत में लेकर पूछताछ करने लगी तो उसने सारा राज उगल दिया। उसने कबूल किया कि उसने ही आटे में ज़हर मिलाया था। महिला का इरादा पूरे परिवार को एक साथ भोजन में ज़हर देकर मारने का था।
पति विदेश से आया था छुट्टी पर
जानकारी के अनुसार, बृजेश कुमार सऊदी अरब में नौकरी करता है और हाल ही में छुट्टी पर गांव आया हुआ था। उसकी गैरमौजूदगी में मालती देवी अक्सर ससुराल वालों से झगड़ा करती थी। इस बात से परेशान होकर बृजेश ने पत्नी को अलग रसोई में खाना पकाने की व्यवस्था कर दी थी ताकि विवाद खत्म हो जाए। मगर मालती के मन में कुछ और ही चल रहा था।
पूरे कुनबे को था खत्म करने का प्लान
बृजेश के परिवार में उसके माता-पिता, दो भाई, उनकी पत्नियां और छोटे-छोटे बच्चे रहते हैं। कुल मिलाकर घर में 10 से अधिक सदस्य हैं। पुलिस की शुरुआती जांच में यह भी सामने आया है कि इस साजिश में महिला के मायके वाले भी शामिल थे। सूत्रों के मुताबिक, मालती देवी के मोबाइल फोन से कुछ ऑडियो रिकॉर्डिंग मिली हैं जिनमें वह अपने पिता और भाई से बातचीत में इस पूरी योजना की चर्चा करती सुनाई देती है।
महिला के मायके वाले भी शामिल, सभी गिरफ्तार
बृजेश की तहरीर पर पुलिस ने मालती देवी, उसके पिता और भाई के खिलाफ हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज कर लिया है। इसके बाद पुलिस ने ताबड़तोड़ छापेमारी करते हुए सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल सभी को थाने में रखकर पूछताछ की जा रही है और उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।
फॉरेंसिक टीम जुटा रही सबूत
मामले की गंभीरता को देखते हुए मौके पर पहुंची फॉरेंसिक टीम ने आटा, सल्फास की शीशी और अन्य नमूनों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। टीम यह पता लगाने में जुटी है कि आटे में कितनी मात्रा में ज़हर मिलाया गया था और यह कितना खतरनाक हो सकता था।
ब्यूरो राकेश दिवाकर
9648518828
COMMENTS